खेत में कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे। बदनावर पुलिस ने ग्राम तिलगरीपाड़ा बोरदा में दबिश देकर गांजे की इस खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने खेत से गांजे के 220 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 250.30 किलो है, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने खेत मालिक बिजल पिता वरदा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस को दोत्रिया चौकी क्षेत्र में गांजे की खेती होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने जानकारी जुटाई और शनिवार, 31 अक्टूबर को ग्राम तिलगरीपाड़ा बोरदा स्थित खेत पर दबिश दी।
कपास और तुअर की फसल के बीच मिले 220 पौधे
दोत्रिया चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विनय परमार के नेतृत्व में पुलिस टीम खेत पर पहुंची। तलाशी के दौरान बिजल पिता वरदा के कपास के खेत में कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने गिनती की तो कुल 220 हरे पौधे पाए गए। इनका वजन 250.30 किलो निकला। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर लिया।

आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने गांजे की अवैध खेती के मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि खेत में गांजे की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, पारुल बेलापुरकर और एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह, चौकी प्रभारी विनय परमार, उप निरीक्षक प्रताप सिंह डामोर, सहायक उप निरीक्षक महेश खिमूर, चंद्रपाल राजावत, उमेश सोनगर सहित पुलिस बल शामिल रहा।

