नीमच। मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित नयागांव RTO बैरियर पर सोमवार को चेकिंग के दौरान विवाद हो गया। एक ट्रक चालक के साथ कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी किए जाने के आरोप के बाद नाराज ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान बैरियर परिसर की एक गुमटी में आग लगने की घटना भी सामने आई। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीन घंटे तक जाम रहे रास्ते
विवाद बढ़ने के बाद ट्रक चालकों ने अपने वाहन सड़क के बीच खड़े कर दिए। इससे नीमच-मऊ और नीमच-निंबाहेड़ा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में आम यात्रियों के साथ महिलाएं और बच्चे भी फंसे रहे। कई एंबुलेंस को भी रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ा।
अवैध वसूली के लगाए आरोप
प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों ने आरोप लगाया कि बैरियर पर RTO के नाम पर मनमानी और अवैध वसूली की जा रही है। उनका कहना था कि चेकिंग के दौरान ट्रक चालक के साथ कथित बदसलूकी के बाद उन्होंने विरोध दर्ज कराया। इसी मुद्दे पर ट्रांसपोर्ट संगठन के लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए।
SP और ASP मौके पर पहुंचे
स्थिति की जानकारी मिलते ही ASP हेमलता अग्रवाल मौके पर पहुंचीं। इसके बाद नीमच SP राजेश व्यास भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं।
जांच और कार्रवाई का भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने बैरियर पर कथित अवैध वसूली और मारपीट के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों से बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपने वाहन हटाए, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

